विद्युत विभाग व विजिलेंस की टीम ने स्मार्ट मीटर व एकमुश्त समाधान योजना के बारे में बताया


कैराना। विद्युत विभाग व विजिलेंस की टीम ने गांव अलीपुर में संयुक्त रूप से अभियान चलाकर स्मार्ट मीटर व एकमुश्त समाधान योजना के बारे में जागरूक किया। इस दौरान बिजली चोरी के मुकदमें में अधिरोपित शमन शुल्क जमा न करने वाले बीस उपभोक्ताओं के कनेक्शन भी काटे गए।

विगत शुक्रवार को विद्युत विभाग व विजिलेंस की टीम अधिशासी अभियंता चतुर्थ जयप्रकाश के नेतृत्व में क्षेत्र के गांव अलीपुर में पहुंची। जहां पर टीम ने स्मार्ट मीटर व विभाग द्वारा संचालित एकमुश्त समाधान योजना(ओटीएस) के बारे में उपभोक्ताओं को जागरूक करने हेतु अभियान चलाया। टीम ने ग्रामीण उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर की सुविधाओं के बारे में बताया। साथ ही, अनेकों उपभोक्ताओं के मोबाइल में यूपीपीसीएल स्मार्ट एप्लिकेशन डाउनलोड कराई। एक्सईएन ने बताया कि उपभोक्ता एप्लिकेशन के माध्यम से अपने वर्तमान बिल, पुराने बिल व डेली खपत की स्थिति को आसानी से देख सकेंगे। इसके अलावा, एप्लिकेशन से ही अपने प्रीपेड स्मार्ट मीटर को रिचार्ज भी कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक उपभोक्ता के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाने के सरकार के आदेश है, जिसके मद्देनजर प्रदेशभर में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का कार्य चल रहा है। जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लग गए है। वह प्रीपेड मोड़ में चले गए है, जिसके चलते उपभोक्ता अब रिचार्ज के पश्चात ही बिजली इस्तेमाल कर सकेंगे। अधिशासी अभियंता ने उपभोक्ताओं को सरकार द्वारा संचालित एकमुश्त समाधान योजना के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बकाएदारों की सुविधा के मद्देनजर सरकार द्वारा एकमुश्त समाधान योजना लागू की गई है। योजना का तीसरा चरण चल रहा है, जोकि 28 फरवरी तक चलेगा। बकाएदारों को सरचार्ज माफी के अलावा मूलधन में भी 20 फीसदी की छूट दी गई है, जबकि पहले चरण में यह छूट 25 फीसदी तक थी। टीम में एसडीओ प्रथम अमित कुमार शाक्य, कार्यवाहक विजिलेंस प्रभारी नवीन कुमार, एसआई सुधीर कुमार आदि शामिल रहे। वहीं, टीम में शामिल अवर अभियंता साजिद अहमद ने बताया कि गांव अलीपुर व मन्नामाजरा में कुल 127 लोगो के खिलाफ बिजली चोरी के मुकदमें दर्ज है। अभियान के दौरान अलीपुर गांव में 20 ऐसे उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेद किये गए है, जिन्होंने बिजली चोरी के मुकदमें में अधिरोपित शमन शुल्क को अभी तक जमा नही किया। उन्होंने बताया कि कार्यवाही के चलते चार उपभोक्ताओं ने रजिस्ट्रेशन कराकर शमन शुल्क जमा किया है।

Post a Comment

0 Comments