कैराना। बहन से झगड़ने के बाद आत्महत्या करने के इरादे से यमुना नदी पर पहुंचे युवक को पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ व मुस्तैदी का परिचय देते हुए रेस्क्यू कर लिया। बाद में युवक को समझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
शनिवार को गांव रामड़ा निवासी नवाब(25) आत्महत्या करने के इरादे से यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर स्थित यमुना नदी पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि युवक पुराने पुल की टूटी रेलिंग से नीचे लटक कर यमुना नदी में छलांग लगाने लगा। इसी दौरान यमुना ब्रिज पुलिस चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को युवक के यमुना नदी में कूदने की भनक लग गई, जिस पर चौकी प्रभारी एसआई अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल नरेश कुमार व कांस्टेबल रामकुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेलिंग से नीचे लटक रहे युवक को हाथ पकड़कर ऊपर खींचा तथा चौंकी पर ले आए। युवक के परिजनों को मामले की सूचना देकर चौकी पर बुलाया गया। बाद में युवक को समझा-बुझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। वहीं, चौकी प्रभारी एसआई अशोक कुमार ने बताया कि एक युवक अपनी बहन से झगड़कर आत्महत्या करने के लिए यमुना नदी पर पहुंचा था, जिसे रेस्क्यू करके परिजनों को सौंप दिया गया है।

0 Comments