युवक पर जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार, कारागार रवाना


:-साढ़े तीन माह पूर्व पुलिस पर हमले के आरोप में भी जेल जा चुका है आरोपी युवक

कैराना। युवक पर लाठी-डंडों व सरिया से जानलेवा हमला करके घायल करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। युवक पर हमले का वीडियों सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
विगत 15 फरवरी को आबिद निवासी मोहल्ला खैल कस्बा कैराना के साथ में अज्ञात लोगो के द्वारा मारपीट की गई थी। दो दिन बाद युवक पर फिर से लाठी-डंडों व सरिया से जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें वह गम्भीर रूप से घायल हुआ था। हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा-109(1),190,191(2),191(3) व 351(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। एसपी शामली ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को मामले की जांच करके आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में बुधवार को एसपी शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार आपराधिक गतिविधियों में लिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने युवक पर जानलेवा हमला करने के आरोपी भोल्लर उर्फ मुदस्सिर निवासी मोहल्ला इकबालपुरा कैराना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को जेल भेज दिया है।
-------------------

साढ़े तीन माह पूर्व पुलिस पर हमले के आरोप में भी जेल जा चुका है युवक

बुधवार को जानलेवा हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया युवक भोल्लर उर्फ मुदस्सिर पूर्व में भी जेल की हवा खा चुका है। आरोपी युवक ने विगत 08 नवंबर को कस्बे के चौक बाजार में वाहन चेकिंग कर रहे किलागेट चौकी प्रभारी व अन्य पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया था, जिसके सम्बन्ध में आरोपी युवक के विरुद्ध कोतवाली पर जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में विघ्न उत्पन्न करने समेत विभिन्न गम्भीर धाराओं के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ था। उस वक्त भी पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। मात्र साढ़े तीन माह में युवक द्वारा जानलेवा हमले की दूसरी घटना कारित की गई है।

Post a Comment

0 Comments