पानीपत रोड पर नाले ओवरफ्लो, लोगों को भारी परेशानी



कैराना : पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़े मदरसे के बराबर में सड़क किनारे बने नाले ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहे हैं, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस नाले की समस्या को लेकर कई बार नगरपालिका कर्मचारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बताया जाता है कि नाला करीब आठ वर्ष पहले बनाया गया था और इसका पानी जमीन के भीतर ही समा जाता है। सफाई कर्मचारी कभी-कभार आकर केवल बांस आदि घुमाकर चले जाते हैं, जबकि नाले की नियमित सफाई आज तक नहीं हुई।

लोगों के अनुसार निर्माण के समय घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया था। वर्तमान चेयरमैन के पुत्र को भी मौके का निरीक्षण कराया गया था और एक ठेकेदार ने जल्द दोबारा निर्माण का आश्वासन दिया था, लेकिन दो महीने बीत जाने के बाद भी कोई काम शुरू नहीं हुआ।

गौरतलब है कि हाल ही में गुलशन नगर में भी नाले का पानी भरा रहा और नगरपालिका अधिकारी निष्क्रिय रहे। बाद में दूसरे वार्ड के सदस्य फिरोज खान ने जेसीबी से रास्ता खुलवाकर पानी निकलवाया था।

क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि समस्या की गंभीरता को देखते हुए नाले का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments