कैराना: विद्यालय में नवीन शिक्षण पद्धति, स्मार्ट क्लास, अनुभवी शिक्षकों के द्वारा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल दिया जाएगा।
समारोह में क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए।
रविवार को नेशनल हाईवे पर रामडा मार्ग के निकट ब्रिटिश कोलंबिया इंटरनेशनल स्कूल का शुभारंभ किया गया। मुख्यातिथि के रूप में सहारनपुर के नकुड ब्लाक प्रमुख एवं हरी ग्रुप के प्रबंधक सुभाष चौधरी शामिल हुए। उन्होंने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर विद्यालय का शुभारंभ किया।विद्यालय प्रबंधन द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य नागरिक, अभिभावक, समाजसेवी एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे। विद्यालय चेयरमैन सूफियान चौधरी ने संबोधन में कहा कि कैराना क्षेत्र के बच्चों को महानगरों जैसी आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना उनका प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में नवीन शिक्षण पद्धति, स्मार्ट क्लास, अनुभवी शिक्षकों की नियुक्ति तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल दिया जाएगा। शिक्षा केवल पाठ्य पुस्तकों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का विकास भी आवश्यक है। मुख्य अतिथि ने विद्यालय प्रबंधन की पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति की आधारशिला होती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह विद्यालय क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में नई दिशा और पहचान स्थापित करेगा। विद्यालय प्रबंधन की ओर से पचास विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की गई, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा।
----

0 Comments