कैराना। जनपद बार एसोसिएशन कैराना के अधिवक्ताओं ने देश के राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन-पत्र एसडीएम कैराना को सौंपा है, जिसमें एक दिन पूर्व जनपद रामपुर में एडवोकेट फारुख अहमद की हत्या पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही की मांग की गई है।
गुरुवार को जनपद बार एसोसिएशन कैराना के अधिवक्ता संगठन के अध्यक्ष ईशपाल सिंह व महासचिव सरवेज जंग के संयुक्त नेतृत्व में नारेबाजी करते हुए तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित एक ज्ञापन-पत्र एसडीएम कैराना निधि भारद्वाज को सौंपा। बताया कि विगत बुधवार को बार एसोसिएशन रामपुर के सदस्य एडवोकेट फारुख अहमद की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई, जिस पर अधिवक्ता समाज गहरी चिंता व रोष व्यक्त करता है। यह घटना अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए एक गम्भीर चुनौती है। अधिवक्ताओं के विरुद्घ इस तरह की घटनाएं निरंतर बढ़ती जा रही है। ऐसे में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट अविलंब लागू किया जाना चाहिए। पत्र में वीभत्स घटना की कड़े शब्दों में निंदा करने के साथ ही मृतक अधिवक्ता के परिजनों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की गई है। अधिवक्ताओं ने देश की राष्ट्रपति से अधिवक्ता फारुख अहमद के हत्यारों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही अमल में लाए जाने की मांग की है।

0 Comments