:-सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने उत्तर-प्रदेश परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सहारनपुर को डाक द्वारा भेजा तीस सूत्रीय मांगपत्र
कैराना। निरन्तर तत्पर सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने उत्तर-प्रदेश परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सहारनपुर को डाक द्वारा तीस सूत्रीय मांगपत्र भेजकर कस्बे की बदहाल परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त कराने की मांग की है।
सोमवार को निरन्तर तत्पर सामाजिक संगठन के कार्यकर्ता अध्यक्ष शमून उस्मानी के नेतृत्व में कस्बे में स्थित भारतीय डाकघर की स्थानीय शाखा पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने डाक द्वारा एक तीस सूत्रीय मांगपत्र उत्तर-प्रदेश परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक सहारनपुर को भेजा। पत्र में बताया कि कस्बे के कांधला तिराहे पर स्थित बस स्टेशन पर अधीक्षक/प्रभारी एवं पूछताछ हेतु अलग-अलग कर्मचारियों की तैनाती की जाए। ताकि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर यात्रियों द्वारा उन्हें अवगत कराया जा सके। यहां पर पूर्व की भांति प्रातः पांच बजे से रात्रि दस बजे तक कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। बस स्टेशन पर तैनात ड्यूटी कर्मचारी के पास इंक्वायरी नंबर मौजूद रहे। ताकि यात्री अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करने वाली बसों के बारे में फोन पर जानकारी कर सके। इसके अलावा बस स्टेशन पर महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालयों का निर्माण कराने, पहले से मौजूद शौचालय की स्थिति बेहतर कराने तथा लघुशंका के लिए बनाए गए स्थान के ऊपर टीन शेड डलवाने की मांग की गई है। पत्र में आगे बताया कि बस स्टेशन पर पीने के पानी की व्यवस्था नही है। शौच के बाद हाथ धोने तथा पानी पीने के लिए केवल एक ही टोंटी लगी हुई है। इस व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाए। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए यात्री प्रतीक्षालय के अंदर पंखों की व्यवस्था की जाए। बस स्टेशन पर प्रवेश एवं निकास द्वार की अलग-अलग व्यवस्था कराई जाए। बस स्टेशन पर यात्रियों को बसों के आवागमन एवं प्रस्थान की जानकारी लाउडस्पीकर से दी जाए। कैराना से दूसरे स्थानों पर जाने वाले प्रत्येक मार्ग पर बसों की संख्या में वृद्धि की जाएं। कैराना से प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए प्रतिदिन दो-दो बसों का संचालन कराया जाए। पत्र में कहा गया है कि क्षेत्र की तरक्की के लिए कैराना में बदहाल परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त कराया जाना अति आवश्यक है। पत्र पर शमून उस्मानी के अलावा शेरम अंसारी, क़ुर्रत मेहदी, फरमान सिद्दीकी, शुऐब अंसारी, अजीम सिद्दीकी, उमेर खान के हस्ताक्षर अंकित है।
सचित्र...

0 Comments