शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे क्षेत्र के गांव भूरा निवासी नाथीराम के पौत्र श्यामलाल का अपने पड़ोसी युवक पंकज व अंकित के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद पंकज व अंकित दो-तीन अज्ञात युवकों के साथ तमंचे से लैस होकर छत के रास्ते उनके घर में घुस आए तथा वहां मौजूद युवक श्यामलाल व घर की महिलाओं पर हमला बोल दिया।
नाथीराम का आरोप है कि आरोपियों ने उसके पौत्र श्यामलाल व पौत्री अनुष्का पर फायरिंग कर दी, जिसमें छर्रे लगने से वह दोनों गम्भीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। गांव में फायरिंग की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों घायलों को उपचार के लिए नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। सूचना पर कोतवाली पर तैनात अपराध निरीक्षक नेत्रपाल सिंह अस्पताल में पहुंचे तथा पूरे मामले की जानकारी करते हुए घायलों के बयान दर्ज किए। आरोपियों के हमले में नाथीराम की पुत्रवधु सुमन को भी गुम चोट आई है।

0 Comments