बहन को लेकर घर लौट रहे युवक पर लाठी-डंडों और चाकू से हमला, घायल


रामड़ा से कैराना लौटते समय अज्ञात हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम, पुरानी रंजिश की आशंका

- परिजन घायल को लेकर पहुंचे सीएचसी, चिकित्सकों ने शामली किया रेफर

कैराना। बहन को लेकर घर लौट रहे युवक पर रास्ते में अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों और चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक घायल हो गया। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। परिजन घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे शामली रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

नगर के मोहल्ला खेलकलां निवासी सरफराज पुत्र हारून अपनी बहन के यहां गांव रामड़ा में खाना खाने गया था। बताया गया है कि खाना खाने के बाद वह बहन को साथ लेकर वापस कैराना लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक कुछ अज्ञात लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों व चाकू से हमला कर दिया। हमले में सरफराज घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को उपचार के लिए कैराना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे शामली रेफर कर दिया। घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हमले के वास्तविक कारणों और हमलावरों की पहचान का अभी पता नहीं चल सका है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments