- कैराना में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा का भव्य सम्मेलन, राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी और राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष मनीष चौहान समेत कई पदाधिकारियों ने की शिरकत
- 27 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली में ऐतिहासिक भागीदारी का आह्वान
कैराना। गुर्जर समाज की एकजुटता, सामाजिक उत्थान और युवा पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लेकर मंगलवार शाम अखिल भारतीय गुर्जर महासभा की जनपद शामली कार्यकारिणी के तत्वावधान में भव्य सम्मेलन आयोजित किया गया। नेशनल हाईवे-709एडी पर स्थित पवन गार्डन में आयोजित सम्मेलन में महासभा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तरीय पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया। वक्ताओं ने शिक्षा, संगठन और सामाजिक जागरूकता को समाज की प्रगति का मूल आधार बताते हुए एकजुट होकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी पहुंचे। उनके साथ राष्ट्रीय महासचिव रामकेश चपराना, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगवीर दौला, केपी कसाना, राष्ट्रीय सचिव अशोक भाटी, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष मनीष चौहान ने भी शिरकत की। कार्यक्रम में भाजपा नेता अनिल चौहान की भी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान जिला उपाध्यक्ष रविंद्र प्रधान और राकेश प्रधान ने राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी को पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। वहीं, जिला संरक्षक बाबू करतार सिंह एडवोकेट, असलम प्रधान, जिलाध्यक्ष मास्टर श्रीपाल आर्य और युवा जिलाध्यक्ष मोहसिन प्रधान सहित महासभा के समस्त पदाधिकारियों ने अतिथियों को फूलमालाएं पहनाकर तथा बुके भेंट कर भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का मंच संचालन जिलाध्यक्ष मास्टर श्रीपाल आर्य ने किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिश्चंद्र भाटी ने समाज की एकजुटता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सामाजिक संगठन को मजबूत बनाने तथा युवा पीढ़ी को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी 27 अक्टूबर को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित होने वाली गुर्जर स्वाभिमान रैली में समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि रैली के माध्यम से देशभर में गुर्जर समाज की एकता, जागरूकता और संगठनात्मक शक्ति का संदेश दिया जाएगा।
सम्मेलन में अन्य वक्ताओं ने भी समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा के प्रसार और युवाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने समाज में आपसी भाईचारा, सहयोग और संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने का संदेश दिया। वक्ताओं ने युवाओं से शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
सम्मेलन में राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों की मौजूदगी से स्थानीय कार्यकर्ताओं और समाज के लोगों में उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने समाज की एकजुटता और आगामी गुर्जर स्वाभिमान रैली में अधिकाधिक भागीदारी का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के माध्यम से समाज को संगठित, शिक्षित और जागरूक बनाने का संदेश दिया गया।

0 Comments