कैराना : विजय सिंह पथिक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सेवा संकल्प अभियान के तहत गृहविज्ञान विभाग की छात्राओं ने ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर आकर्षक रंगोली बनाई। विभागाध्यक्ष डॉ. लतिका यादव के निर्देशन में छात्राओं ने रंगों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण और सेवा भावना का संदेश दिया।
रंगोली के केंद्र में ‘विकसित भारत 2047’ की संकल्पना दर्शाई गई। इसके विभिन्न हिस्सों में विकास, स्वच्छता, डिजिटल सशक्तीकरण, शिक्षा, आधुनिक अवसंरचना और आत्मनिर्भरता के विषयों को रचनात्मक रूप से उकेरा गया। छात्राओं ने इस प्रस्तुति के जरिए राष्ट्र के विकास में जनभागीदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व को भी रेखांकित किया। प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश के संरक्षण और अभियान संयोजिका डॉ. नीतू त्यागी के नेतृत्व में आयोजित गतिविधि में गृहविज्ञान की छात्राएं सना जबीं, नीलाक्षी सैनी, प्रिया सैनी, निकिता शर्मा और शिवानी शामिल रहीं। प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश और अंग्रेजी विभाग की प्राध्यापिका डॉ. अर्चना ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में छात्राओं की रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता देखने को मिली।

0 Comments