कैराना, 1 अक्टूबर। पत्रकार संगठन कैराना के सक्रिय सदस्य और कलमकार फारूक-ए-आजम की मां शकीला बेगम (44) का संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया। वह हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित थीं और पानीपत के एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन थीं। उपचार के दौरान गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली।
शकीला बेगम का पार्थिव शरीर पानीपत के अस्पताल से कैराना स्थित उनके आवास मोहल्ला अंसारियान (सिदारयान) लाया गया। यहां स्वजन, रिश्तेदारों और परिचितों ने अंतिम दर्शन किए। इसके बाद गुरुवार देर रात गमगीन माहौल में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
उनके निधन की सूचना मिलते ही पत्रकार जगत में शोक की लहर दौड़ गई। पत्रकार संगठन कैराना से जुड़े पत्रकारों ने फारूक-ए-आजम के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
शोक व्यक्त करने वालों में पत्रकार संगठन कैराना के अध्यक्ष सुधीर चौधरी, संरक्षक मेहराब चौधरी, पूर्व अध्यक्ष संदीप इंसां, मेहरबान अली कैरानवी, एम. इकबाल हसन, डॉ. अजमतुल्ला खान और अंसार सिद्दीकी आदि शामिल रहे।

0 Comments