काफी समय से किडनी की बीमारी से जूझ रहा था युवक, दोनों किडनी फेल होने के बाद चल रहा था डायलिसिस के जरिए इलाज, परिवार में मचा कोहराम
कैराना, कस्बे के रामड़ा रोड पर उस समय गमगीन माहौल हो गया, जब किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे 17 वर्षीय फैजान अलीवी की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। कम उम्र में बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, रामड़ा रोड निवासी इमरान अलीवी का 17 वर्षीय बेटा फैजान पिछले काफी समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित था। बीमारी बढ़ने के कारण उसकी किडनी ने काम करना बंद कर दिया था। बताया जाता है कि उसकी पेशाब भी बंद हो गई थी, जिसके चलते चिकित्सकों की देखरेख में डायलिसिस के जरिए उसका इलाज चल रहा था।
बताया गया कि शनिवार को परिजन फैजान को डायलिसिस कराने के लिए लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में चीख-पुकार मच गई और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
महज 17 साल की उम्र में फैजान की मौत से रिश्तेदारों और परिचितों में भी शोक की लहर दौड़ गई। लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे युवक का इलाज जारी था, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
फैजान की नमाज ए जनाजा ईदगाह में अदा की गई जिसमें सैकड़ो लोगों ने भाग लिया।

0 Comments