कैराना (शामली)। कैराना में शपथ पत्र बनवाने के लिए इस्तेमाल होने वाले जनरल स्टांप पेपर और कोर्ट फीस टिकटों की कमी के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि आवश्यक स्टांप पेपर और कोर्ट फीस टिकट उपलब्ध नहीं होने का फायदा उठाकर कुछ स्टांप विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक रकम वसूल रहे हैं।
शिकायतों के अनुसार, शपथ पत्र के लिए इस्तेमाल होने वाला 10 रुपये का जनरल स्टांप पेपर उपलब्ध नहीं होने पर 10 रुपये का ई-स्टांप 20 रुपये में बेचे जाने की बात सामने आई है। वहीं, 50 और 100 रुपये के जनरल स्टांप पेपर पर भी कथित रूप से 20 रुपये अतिरिक्त लेकर बिक्री किए जाने की शिकायतें मिल रही हैं।
कोर्ट फीस टिकटों की कमी से भी परेशानी
स्टांप पेपर के साथ-साथ 2 रुपये और 100 रुपये के कोर्ट फीस टिकट उपलब्ध नहीं होने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। लोगों का आरोप है कि इन टिकटों की कमी के चलते उन्हें आवश्यक कार्य कराने में दिक्कत हो रही है। वहीं, कुछ स्टांप विक्रेताओं द्वारा कथित तौर पर इन टिकटों को भी अधिक कीमत पर बेचे जाने की शिकायत की जा रही है।
इस स्थिति में शपथ पत्र बनवाने और अन्य जरूरी दस्तावेजी कार्यों के लिए आने वाले लोगों को आर्थिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। लोगों की मांग है कि संबंधित अधिकारी मामले का संज्ञान लेकर स्टांप पेपर एवं कोर्ट फीस टिकटों की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली की शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करें।

0 Comments