भाजपा एमएलसी व एसपी ने किया कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ:-कांवड़ सेवा समिति के पदाधिकारियों ने पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों को किया सम्मानित


कैराना। भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह व एसपी शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह के द्वारा कस्बे के मुख्य मार्ग पर स्थित पब्लिक इण्टर कॉलिज में संचालित होने वाले कांवड़ सेवा शिविर का संयुक्त रूप से फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान महाआरती का भी आयोजन हुआ।

श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विगत रविवार देर शाम भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह व एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के द्वारा कस्बे के पब्लिक इण्टर कॉलिज में कांवड़ सेवा शिविर का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके बाद महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा एमएलसी व एसपी समेत मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं लोगो ने प्रतिभाग किया। इस दौरान शिविर में मौजूद शिवभक्त कांवडियों का स्वागत-अभिनंदन किया गया। एसपी ने श्रद्धालुओं को अपने हाथों से भोजन वितरित किया तथा उनका कुशलक्षेम पूछते हुए उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। पुलिस अधीक्षक ने शिविर संचालकों से संवाद करके श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल, भोजन, चिकित्सा, विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके उपरांत, एसपी ने कांवड़ यात्रा मार्ग एवं आसपास के क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा-व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, कांवड़ यात्रियों से सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु सभी आवश्यक प्रबंध प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए। एसपी ने कहा कि शामली पुलिस श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इससे पूर्व, कांवड़ सेवा समिति के द्वारा भाजपा नेताओं तथा पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों को पटका पहनाकर व प्रतीक चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया। इस अवसर पर एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार, तहसीलदार अर्जुन चौहान, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार तथा भाजपा नेता अनिल चौहान, गौरव चौहान, राजेश प्रधान, आशु गर्ग, एडवोकेट शगुन मित्तल, आलोक गर्ग आदि मौजूद रहे।

सचित्र...

Post a Comment

0 Comments