कैराना। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को विद्युत विभाग की टीम ने कांवड़ मार्ग पर विद्युत लाइनों की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य किया। विभाग द्वारा मार्ग पर बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कर निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रविवार को विद्युत विभाग के कर्मचारी कांवड़ मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर विद्युत लाइनों, उपकरणों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए मरम्मत कार्य में जुटे रहे। इस दौरान संभावित तकनीकी खामियों को दूर कर विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाया गया। जेई अजय कुमार शर्मा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी के दृष्टिगत कांवड़ मार्ग पर विद्युत आपूर्ति लाइन को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी समस्या, विद्युत बाधा या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो तथा बिजली आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रहे। उन्होंने बताया कि विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कर रही हैं।

0 Comments