कैराना में कांवड़ियों का आगमन शुरू, प्रशासन अलर्ट, सेवा में जुटे सामाजिक संगठनपुलिस की अपील- तेज रफ्तार, तेज हॉर्न और तेज आवाज वाले साइलेंसर से बचें


कैराना। सावन माह में कांवड़ यात्रा को लेकर कस्बे में शिव भक्त , कांवड़ियों का आगमन शुरू हो गया है। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यात्रा मार्गों पर सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

प्रशासन ने कांवड़ मार्ग पर जगह-जगह बैरिकेडिंग कराई है। जहां डिवाइडर नहीं हैं, वहां अस्थायी डिवाइडर बनाए गए हैं। कई स्थानों पर जाली लगाकर रास्तों को व्यवस्थित किया गया है ताकि कांवड़ियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। नगर में साफ-सफाई के भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

कैराना का सबसे बड़ा कांवड़ सेवा शिविर कैराना इंटर कॉलेज में लगाया गया है। यहां कांवड़ियों के ठहरने, भोजन, पेयजल और विश्राम की बेहतर व्यवस्था की गई है। इसके अलावा नगर की कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं भी कांवड़ियों की सेवा में बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं।

पुलिस प्रशासन ने कांवड़ियों से अपील की है कि वाहन चलाते समय तेज हॉर्न का प्रयोग न करें, तेज आवाज वाले या बिना मानक वाले साइलेंसर का इस्तेमाल न करें, तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं, स्वच्छता बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।

प्रशासन का कहना है कि शासन के निर्देशों के अनुसार कांवड़ यात्रा को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात है और अधिकारी लगातार व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments