कैराना। आगामी कांवड़ यात्रा से पहले शहर के सौंदर्याकरण और अधूरे निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है। नगरपालिका परिषद कैराना इन परियोजनाओं को गति दे रही है। इसी बीच, पालिका सभासद राशिद बागबान ने उपजिलाधिकारी को पत्र देकर इन सभी कार्यों को कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले पूरा करने की मांग की है। उन्होंने पत्र में कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का उल्लेख किया है। इनमें एसडीएम आवास के सामने डिवाइडर निर्माण, पीडब्ल्यूडी कार्यालय के सामने नाले का निर्माण तथा पीएनबी बैंक शाखा व शामली बस स्टैंड के सामने सडक एवं डिवाइडर निर्माण शामिल हैं। उन्होंने इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का अनुरोध किया है। बागबान का कहना है कि यदि यह कार्य कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले पूरे नहीं हुए, तो शिवभक्त कांवड़ियों और अन्य राहगीरों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश देने का आग्रह किया है। वहीं, नगरपालिका परिषद कैराना में निर्माण विभाग के लिपिक इरशाद अहमद ने बताया कि डिवाइडर निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस कार्य को पूरा करने में करीब डेढ़ करोड़ रुपये खर्च आने की संभावना है, जिसे सम्बंधित विभाग से स्वीकृत किया गया है। उन्होंने बताया कि डिवाइडर कार्य पूरा होने के बाद नगर का सौंदर्य बढ़ेगा और राहगीरों को जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।
सचित्र..

0 Comments