पोस्टमार्टम के बाद शिनाख्त के लिए मोर्चरी में रखवाया, शव- बिसरा सुरक्षित किया गया



कैराना। यमुना खादर क्षेत्र के गांव सहपत के जंगल में शुक्रवार को धान के खेत से मिले अज्ञात युवक के क्षत-विक्षत शव के मामले में पुलिस जांच लगातार जारी है। पोस्टमार्टम के उपरांत शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है। वहीं, मौत के कारणों की पुष्टि के लिए बिसरा भी सुरक्षित (प्रिजर्व) कराया गया है।

गत शुक्रवार को गांव सहपत निवासी किसान ऋषिपाल पुत्र अजब सिंह के धान के खेत में अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना पर तीतरवाड़ा पुलिस चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पवन चौधरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार तथा फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए थे।शनिवार को कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव करीब एक सप्ताह पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम के बाद शव को शिनाख्त के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। साथ ही, मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए बिसरा भी सुरक्षित कराया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बिसरा जांच रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले के सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments