ब्लॉक कैराना के सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों की मासिक बैठक संपन्न, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार पर दिया गया जोर


कैराना। ब्लॉक कैराना के सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों की मासिक बैठक का आयोजन कैराना देहात स्थित राजकीय विद्यालय में किया गया। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ शिक्षक मास्टर इकबाल अहमद ने की। बैठक में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों ने भाग लेकर शिक्षा की गुणवत्ता, नामांकन अभियान, विद्यार्थियों की उपस्थिति तथा नवाचार आधारित शिक्षण पद्धति पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए शिक्षक करम सिंह ने कहा कि अभिभावकों को अपने छह वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का प्रवेश सरकारी विद्यालयों में कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाती है। इसके अलावा सरकार की ओर से मिड-डे मील (एमडीएम) की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है तथा डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से यूनिफॉर्म, जूते, बैग और अन्य आवश्यक शैक्षिक सामग्री के लिए धनराशि सीधे अभिभावकों के बैंक खातों में भेजी जाती है।

अध्यक्षीय संबोधन में मास्टर इकबाल अहमद ने कहा कि वर्तमान समय में केवल टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मैटेरियल) के माध्यम से शिक्षण पर्याप्त नहीं है। शिक्षकों को नवाचार (इनोवेशन) आधारित शिक्षण पद्धति अपनानी चाहिए, जिससे बच्चों की रचनात्मक क्षमता का विकास हो सके। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से कमजोर विद्यार्थियों पर अतिरिक्त ध्यान देने की आवश्यकता है और शिक्षकों को अधिक मेहनत एवं समर्पण के साथ उन्हें मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना चाहिए।

बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के साथ-साथ विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण को और बेहतर बनाने तथा शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

इस अवसर पर आर्यपुरी विद्यालय के प्रधानाध्यापक वसी हैदर, असगर अली, जुल्फाम अहमद, अखलाक अहमद, शहजाद अहमद, तंजीम गनी, विवेक मलिक सहित ब्लॉक के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में शनैकी ने दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Post a Comment

0 Comments