शराब ठेका सेल्समैन से लूट का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार


पुरानी रंजिश में दिया था वारदात को अंजाम, 53 हजार रुपये, तमंचा व दो बाइक बरामद

बाबरी (संवाद सूत्र)। बाबरी थाना पुलिस ने शराब ठेका सेल्समैन से हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 53 हजार रुपये, एक अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, बैग, हिसाब-किताब की कॉपी तथा आधार कार्ड की छायाप्रति बरामद की है।

थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस ने जांच के दौरान आम के बाग क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद अंकुर, सागर, सावेज, शाकिब और मोनू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ समय पहले शराब को लेकर ठेका सेल्समैन आकाश और आरोपी अंकुर के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए अंकुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया।

गौरतलब है कि दो जुलाई की रात सेल्समैन आकाश ठेका बंद कर अपने गांव हिरणवाड़ा लौट रहा था। बाबरी-करौदा बिजलीघर मार्ग स्थित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोककर मारपीट की और नकदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। इस संबंध में ठेका स्वामी सोनू की तहरीर पर बाबरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

0 Comments