थाना क्षेत्र के गांव बनतीखेड़ा निवासी एक किसान की खेत में फसल पर दवा का छिड़काव करते समय अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। किसान की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है।
गांव बनतीखेड़ा निवासी 55 वर्षीय सलीम पुत्र वकीलू रविवार दोपहर अपने खेत में फसल पर कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत खराब होने लगी। पहले तो उन्होंने इसे सामान्य परेशानी समझा, लेकिन कुछ ही देर में उनकी हालत तेजी से बिगड़ गई। खेत में मौजूद लोगों ने इसकी सूचना परिजनों को दी।
परिजन आनन-फानन में सलीम को उपचार के लिए शामली के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया। बावजूद इसके उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और उपचार के दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई।
सलीम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सोमवार को सुबह गांव में गमगीन माहौल के बीच सुपुर्दे खाक कर दिया गया। ग्रामीणों ने भी शोक व्यक्त करते हुए मृतक के परिवार को ढांढस बंधाया।
ग्रामीणों का कहना है कि सलीम मेहनती किसान थे और परिवार के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

0 Comments