थाना क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर में बाग की जुताई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार गांव रघुनाथपुर निवासी बाबूराम बाग में ट्रैक्टर और रोटावेटर से जुताई कर रहे थे। उनके साथ उनके दो पोते पांच वर्षीय नितिन और चार वर्षीय कृष पुत्र सत्येंद्र उर्फ काला भी ट्रैक्टर पर बैठे हुए थे। जुताई के दौरान रोटावेटर में एक तार फंस गया। इस पर बाबूराम ने ट्रैक्टर बंद कर दिया और नीचे उतरकर रोटावेटर में फंसा तार निकालने लगे।
इसी दौरान ट्रैक्टर पर बैठे बड़े पोते नितिन ने खेल-खेल में ट्रैक्टर में लगी चाबी घुमा दी, जिससे ट्रैक्टर अचानक स्टार्ट होकर आगे बढ़ गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम में चार वर्षीय कृष ट्रैक्टर से नीचे गिर गया और पीछे चल रहे रोटावेटर की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के समय रोटावेटर के पास मौजूद बाबूराम भी बाल-बाल बच गए। उन्होंने तत्काल बच्चों को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक कृष की सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मासूम की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम छा गया।
परिजनों ने बताया कि कृष परिवार का सबसे छोटा और लाड़ला बच्चा था। उसकी असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। दोपहर 1.30 बजे गमगीन माहौल में मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
ग्रामीणों ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए खेतों में कार्य के दौरान बच्चों को कृषि यंत्रों से दूर रखने की आवश्यकता पर बल दिया। मासूम की मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त है।

0 Comments