चार माह पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ की थी शादी, पत्नी ने भाई और मामा पर लगाया हत्या का आरोप, मां बोलीं- पहले भी मिल रही थीं धमकियां
थाना क्षेत्र के गांव फतेहपुर खेड़ी निवासी 27 वर्षीय शिव कुमार की हत्या के बाद बुधवार को गांव में शोक और तनाव के बीच उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए पत्नी को लेकर गए युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और सामाजिक लोग शामिल हुए। श्मशान घाट पर हर आंख नम दिखाई दी, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
बताया जाता है कि शिव कुमार मंगलवार को अपनी पत्नी आकांक्षा को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान स्थित गोचर इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर लेकर गया था। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में आकांक्षा के भाई और उसके साथी ने शिव कुमार को गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कराई। मृतक की पत्नी आकांक्षा ने अपने भाई और मामा को नामजद करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
ग्रामीणों के अनुसार शिव कुमार और आकांक्षा एक ही गांव के निवासी थे तथा दोनों के घर आमने-सामने हैं। करीब चार माह पूर्व दोनों ने प्रेम विवाह किया था। बताया जाता है कि युवती के परिजन इस विवाह से सहमत नहीं थे और शुरू से इसका विरोध कर रहे थे। विवाह के बाद दोनों शामली शहर की अटल बिहार कॉलोनी में रह रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि शादी के बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
मंगलवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद जब शिव कुमार का शव गांव पहुंचा तो पूरे गांव में मातम छा गया। घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अंतिम दर्शन के लिए रातभर लोगों का आना-जाना लगा रहा। बुधवार सुबह गांव और आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों लोग मृतक के आवास पर पहुंचे। सुबह करीब 11 बजे गमगीन माहौल मे गांव के श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात रहा।
मृतक की मां कांति देवी ने बेटे की हत्या को सुनियोजित साजिश बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार को पहले भी चार पांच बार धमकियां मिल चुकी थीं। उनका आरोप है कि हत्या की पूरी योजना आकांक्षा के भाई अजीत जो सीआरपीएफ में नौकरी करता है ने बनाई थी उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए तथा सभी आरोपियों को एनकाउंटर होना चाहिए तथा अजीत को नौकरी से निकाल देना चाहिए। घटना में शामिल प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ निष्पक्ष एवं कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, युवक की हत्या को लेकर गांव में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है।

0 Comments