कैराना : नगर के मुहल्ले में बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद एक आठ वर्षीय बालक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित बालक के पिता ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


नगर के मुहल्ला अफगानान निवासी शौकत पुत्र असगर ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि गत शुक्रवार की शाम करीब आठ बजे उसका आठ वर्षीय पुत्र अब्दुल आहद मुहल्ले के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी बीच मुहल्ला निवासी अनीस पुत्र जरीफ मौके पर पहुंच गया और उसने बालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपी ने बच्चे को उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उसके सिर और गर्दन में चोटें आईं तथा वह बेहोश हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बालक को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। सूचना मिलने पर जब बालक के पिता मौके पर पहुंचे और विरोध जताया, तो आरोपी ने उनके साथ भी अभद्रता करते हुए धमकी दी। पुलिस ने आरोपी अनीस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।


----