पति व ससुरालियों पर जान से मारने की कोशिश का मुकदमा दर्ज



कैराना। थाना कैराना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर उसके पति समेत कई ससुरालीजनों के खिलाफ जान से मारने की कोशिश, मारपीट और गाली-गलौज की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला आलदरमियान, इकरामपुरा निवासी शबाना पुत्री जमीर अहमद ने थाना कैराना में दी गई तहरीर में बताया कि उसकी शादी 16 नवंबर 2024 को मुजाहफीत नामक युवक निवासी खालसा पट्टी, थाना खालापार जनपद मुजफ्फरनगर के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में उसे अपने पति के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध होने की जानकारी मिली।

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने इस बात का विरोध किया तो उसके पति ने उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी। इतना ही नहीं, सास, ससुर, जेठ, देवर सहित अन्य परिजनों ने भी उसे चुप रहने का दबाव बनाया और मामले को दबाने का प्रयास किया।

तहरीर में आगे बताया गया कि 11 मई 2026 को महिला ने अपने पति के मोबाइल में कथित अवैध संबंधों के सबूत देखे और आपत्ति जताई। इस पर पति नाराज होकर घर से चला गया। आरोप है कि देर रात पति अन्य ससुरालियों के साथ कमरे में आया और महिला के साथ मारपीट की तथा गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।

महिला के अनुसार अगले दिन उसके मायके पक्ष के लोग उसे लेने ससुराल पहुंचे तो उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की गई, जिसके बाद वे किसी तरह जान बचाकर वापस लौटे।

पुलिस ने महिला की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर तनसीर अहमद खान को सौंपी गई है।

Post a Comment

0 Comments