बिजली विभाग की विजिलेंस टीम ने शुक्रवार सुबह गांव बनतीखेड़ा में बिजली चोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर छापेमारी की। सुबह करीब छह बजे हुई कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान टीम ने पांच घरों में अवैध रूप से बिजली का उपभोग करते हुए लोगों को पकड़ा।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, कुछ उपभोक्ता अवैध तरीकों से बिजली आपूर्ति ले रहे थे। टीम ने मौके पर जांच कर साक्ष्य जुटाए और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। पकड़े गए पांचों उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। साथ ही विभागीय नियमों के तहत जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
इस संयुक्त अभियान में विजिलेंस टीम के सुनील कुमार विजिलेंस जे ई, श्रीनिवास जे ई, विभागीय निरीक्षक रोहतास सिंह तथा विजिलेंस इंस्पेक्टर शामिल रहे। अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और अवैध कनेक्शन लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अचानक हुई छापेमारी से ग्रामीणों में खलबली मची रही। विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिजली चोरी को लेकर लोगों में सतर्कता बढ़ी है।