दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को ज़हर देकर मारने का प्रयास, हालत गंभीर


कैराना। थाना क्षेत्र कैराना में दहेज लोभियों द्वारा एक विवाहिता को ज़हर देकर मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता के परिजनों ने पति समेत ससुराल पक्ष के कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बागपत जिले के छपरौली निवासी एक व्यक्ति ने करीब पांच वर्ष पूर्व अपनी पुत्री बुशरा का विवाह कैराना के मोहल्ला आलकला निवासी अनीस पुत्र अनवार के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार किया था। विवाह में सामर्थ्य अनुसार करीब सात लाख रुपये खर्च किए गए थे तथा सोने-चांदी के जेवरात, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, फर्नीचर सहित अन्य घरेलू सामान दिया गया था।

आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति अनीस व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य अतिरिक्त दहेज में कार और एक लाख रुपये नकद की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ गाली-गलौज, मारपीट व मानसिक तथा शारीरिक उत्पीड़न किया जाने लगा। इतना ही नहीं, उसे कई बार भूखा-प्यासा भी रखा गया।

पीड़िता के पिता का आरोप है कि 12 मई 2026 को साजिश के तहत ससुराल पक्ष के लोगों ने उनकी पुत्री को जान से मारने की नीयत से खाने में ज़हर मिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पीड़िता को उपचार के लिए कैराना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पीड़ित पक्ष ने थाना कैराना में तहरीर देकर आरोपी पति अनीस, जेठ यूनुस, ननद फरीन व अन्य के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी

Post a Comment

0 Comments