कैराना। सोमवार को तहसील मुख्यालय पर स्थित सभागार कक्ष में नवनियुक्त एसडीएम शिवाजी यादव की अध्यक्षता में जनगणना के प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें 148 प्रगणकों व सुपरवाइजर्स के तीन बैचों को प्रथम दिन का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान एसडीएम ने कहा कि जनगणना-2027 केंद्र सरकार की बहुप्रतीक्षित एवं महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक है, जिसे निर्धारित समयावधि में सम्पन्न किया जाना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल प्रगणकों व सुपरवाइजर्स को पूर्ण निष्ठां व समर्पण भाव से इस कार्य को पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, कार्य में शिथिलता व लापरवाही मिलने पर सख्त कार्यवाही के लिए भी चेताया है। प्रशिक्षण के दौरान तहसीलदार अर्जुन चौहान, नायब तहसीलदार सतीश यादव आदि मौजूद रहे। वहीं, तहसीलदार अर्जुन चौहान ने बताया कि 20 अप्रैल से चार मई तक जनगणना के प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया जायेगा। प्रथम चरण की जनगणना हेतु तहसील क्षेत्र में कुल 596 प्रगणक व सुपरवाइजर तैनात किए गए है। इन प्रगणकों व सुपरवाइजर्स के कुल 12 बैच बनाए गए है। प्रत्येक दिन तीन बैचों को प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा बैच में शामिल प्रगणक व सुपरवाइजर को लगातार तीन दिन तक प्रशिक्षण प्राप्त करना होगा। उन्होंने आगे बताया कि 23 मई से 20 जून तक प्रथम चरण की जनगणना का कार्य चलेगा, जिसमें मकानों की गणना होगी। तहसील क्षेत्र में कुल 481 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक(एचएलबी) है। इसके अलावा, 07 मई से 21 मई तक प्रत्येक व्यक्ति को स्वगणना का अधिकार है। इस अवधि में व्यक्ति पोर्टल पर जाकर स्वयं से सम्बंधित जानकारियां फीड कर सकता है।

0 Comments