अंबेडकर जयंती पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा

भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को थाना क्षेत्र के गांव बाबरी एवं बुटराडा में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल रहा और जगह-जगह बाबा साहब के जयघोष के साथ सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विनोद फौजी द्वारा बाबा साहब के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
शोभायात्रा अंबेडकर चौपाल से प्रारंभ होकर वाल्मीकि बस्ती, पाल धर्मशाला, होली चौक, मोहल्ला कुरैशियां, झंडा चौक, मेन बाजार, भारत माता चौक और गुरुद्वारा चौक सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः अंबेडकर चौपाल पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने बाबा साहब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और जलपान की व्यवस्था कर स्वागत किया।
शोभायात्रा में युवाओं और बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। डीजे और बैंड-बाजों की धुनों पर निकली इस यात्रा में महात्मा बुद्ध, संत रविदास, भारत माता, अंधा कानून और रानी लक्ष्मीबाई सहित विभिन्न आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।
इस अवसर पर अंबेडकर समिति के अध्यक्ष डॉ. राजवीर, उपाध्यक्ष विनोद कुमार, मीनू कटारिया, अंकित, ओम प्रकाश लांबा, मास्टर घसीटा दास, तेग सिंह, चौधरी जगमाल सिंह सहित समिति के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में सभी ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने बाबा साहब के संघर्षमय जीवन और उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डालते हुए समाज में शिक्षा, समानता और भाईचारे को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

Post a Comment

0 Comments