थाना क्षेत्र के गांव तलवा माजरा निवासी एक युवक अभि मलिक पुत्र सुनील मलिक की बुधवार देर शाम गोहरपुर मेले में कहासुनी के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं गुरुवार सुबह परिजनों व ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
जानकारी के अनुसार, तलवा माजरा निवासी अभि मलिक बुधवार शाम गोहरपुर गांव में लगे मेले में घूमने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी कुछ युवकों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अभि के पेट में गोली मार दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल शामली जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे आक्रोशित परिजन और ग्रामीण बाबरी थाना क्षेत्र के पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर खैड़ी बैरागी मंदिर के पास शव को सड़क पर रखकर वही पर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। जाम की सूचना पर बाबरी थाना पुलिस,आदर्श मंडी थाना पुलिस, क्षेत्राधिकारी सदर जितेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी थाना भवन अमरदीप मौर्य, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद क्षेत्र के जिम्मेदार लोगों, जिनमें बाबा श्याम सिंह मलिक व कालेंद्र मलिक सहित अन्य शामिल रहे, के हस्तक्षेप और पुलिस द्वारा 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर परिजन व ग्रामीण शांत हुए और जाम खोल दिया।
इसके बाद परिजनों ने गमगीन माहौल गांव के श्मशान घाट में युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक अभि मलिक आईटीआई का छात्र था और अपने परिवार में सबसे छोटा था। उसके दो बड़ी बहनें हैं। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक व्याप्त है।

0 Comments