कैराना। कैराना नगर में बिजली समस्या को लेकर मंगलवार को उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। देहात क्षेत्र स्थित बिजलीघर पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और जमकर हंगामा किया। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिजली बिल जमा करने के बावजूद उनके घरों की आपूर्ति बहाल नहीं की जा रही है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बाद भी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। उनका आरोप है कि बिल चुकाने के बावजूद बिजली न मिलने से दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
हंगामे में शामिल जुबेर नामक युवक ने बताया कि चांद रात से पहले ही उनके घर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। उन्होंने बकाया बिजली बिल भी जमा कर दिया, लेकिन इसके बावजूद अभी तक बिजली नहीं आई है। जुबेर ने बताया कि मजबूरी में उन्हें ईद का त्योहार भी मोमबत्ती की रोशनी में मनाना पड़ा।
अन्य उपभोक्ताओं ने भी इसी प्रकार की समस्याएं बताते हुए बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। इस मामले में जब एसडीओ अमित गुप्ता से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो कर्मचारियों ने मिलने नहीं दिया। बताया गया कि एसडीओ अपने कार्यालय के अंदर से दरवाजा बंद कर बैठे रहे, जिससे उपभोक्ताओं में और अधिक रोष व्याप्त हो गया।

0 Comments