कैराना। जिला पंचायत शामली के वार्ड संख्या-10 की वर्तमान महिला सदस्या के पति पर प्लाट पर अवैध कब्जा करके निर्माण करने का आरोप है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोपी की पत्नी वर्ष-2015 से 2021 तक कैराना ब्लॉक की प्रमुख भी रह चुकी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप पर गुरुवार को एक वीडियो तेजी के साथ में वायरल हो रहा है, जिसमें जिला पंचायत शामली के वार्ड संख्या-10 की वर्तमान सदस्या के पति गय्यूर अली एक दिव्यांग व्यक्ति से उलझते हुए नजर आ रहे है। जबकि दिव्यांग व्यक्ति जिपं सदस्या पति से मिन्नतें करता हुआ दिख रहा है। गय्यूर अली आंखों पर काला चश्मा पहने हुए है। वह वीडियों बना रहे युवक को दिव्यांग व्यक्ति को मौके से ले जाने की धमकी देते हुए नजर आते है। वीडियो बना रहा युवक जिपं सदस्या पति पर झगड़ा करने के लिए सोटे(लाठी-डंडे) लाकर झगड़ा करने का आरोप लगा रहा है। वहीं, पीली टी-शर्ट व काला लोअर पहने दिख रहा युवक वीडियो बना रहे युवक का मोबाइल छीनने का प्रयास करता है। बताया जा रहा है कि गय्यूर अली गांव में निर्माण कार्य कर रहा है, जिस पर दिव्यांग व्यक्ति व अन्य के प्लाट पर अवैध कब्जा करने का आरोप है। 1:10 मिनट का यह वीडियो गांव भूरा के पूर्व प्रधान अहसान चौधरी के व्हाट्सएप नंबर से विभिन्न समूहों में प्रेषित किया गया है। विदित रहे कि गय्यूर अली की पत्नी वर्ष-2015 से 2021 तक कैराना ब्लॉक की प्रमुख रह चुकी है। उस वक्त चुनाव परिणाम आने के पश्चात हुई हर्ष फायरिंग में गोली लगने से एक बालक की मौत हो गई थी, जिसमें पुलिस ने अभियोग पंजीकृत करके आरोपियों को जेल भेजा था। वहीं, वायरल वीडियो के सम्बंध में कैराना क्षेत्राधिकारी व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक के नंबर पर कॉल करके सम्पर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नही हो पाई।

0 Comments