प्रख्यात शिक्षक मास्टर बदरुल इस्लाम रिज़वी का निधन, शहर में शोक की लहर



कैराना। कस्बा कैराना की शैक्षिक दुनिया को उस समय गहरा आघात लगा जब ज़ाकिर मेमोरियल इंटर कॉलेज के सम्मानित शिक्षक मास्टर बदरुल इस्लाम रिज़वी का निधन हो गया। वे लंबे समय से विद्यालय से जुड़े रहे और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व उत्तम संस्कार प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे।

68 वर्ष की आयु में उनका इंतकाल हुआ। उनकी सुपुर्द-ए-खाक की रस्म रात 11 बजे मोहल्ला खेल कलां, कैराना में अदा की गई। जनाज़े में शहर की गणमान्य हस्तियों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मूल रूप से देवबंद (जनपद सहारनपुर) निवासी मास्टर रिज़वी वर्ष 1984 में कैराना के ज़ाकिर मेमोरियल स्कूल में शिक्षक पद पर नियुक्त हुए थे। वर्ष 2018 तक उन्होंने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं और सेवानिवृत्त हुए।

परिजनों में एक बेटी और तीन बेटे हैं। उनके पुत्र डॉ. फराज बदर एमबीबीएस मेरठ मेडिकल कॉलेज में कैंसर विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत हैं।

विद्यालय में कार्यरत शिक्षक मास्टर फारूक ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कैराना के विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षा देने वाले ऐसे शिक्षक बार-बार नहीं जन्म लेते। उनकी शैक्षिक एवं नैतिक सेवाएं सदैव स्मरणीय रहेंगी।

नमाज़ -ए- जनाज़ा में शाहनवाज़ अहमद सिद्दीकी( मैनेजर )मारूफ खान (प्रधानाचार्य), सलमान अख्तर अल्वी, वसीम अहमद, रईस अहमद, मोहम्मद फारूक, अंसार सिद्दीकी, राशिद अली (पूर्व चेयरमैन) सहित सैकड़ों विद्यार्थियों व गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।

Post a Comment

0 Comments