कैराना। गांव अलीपुर में सार्वजनिक देवस्थल घरों से निकलने वाले निकासी के गंदे पानी की जद में आ गया है। जल निकासी की समूची व्यवस्था न होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ब्लॉक क्षेत्र के गांव अलीपुर में घरों से निकलने वाले गंदे पानी की समूची व्यवस्था न होने के कारण ग्रामीण जलभराव की भयंकर समस्या से जूझ रहे है। गांव की गली गंदे पानी के चलते जलाशय बनकर रह गई है। गांव में एक देवस्थल गंदे पानी की जद में आ गया है, जिसके चलते श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि चैत्र नवरात्रों में देव स्थल के पास निकासी का गंदा व बदबूदार पानी भरा हुआ है, जिसके चलते वहां पर पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने वाली महिला श्रद्धालुओं को परेशानी से रूबरू होना पड़ रहा है। जलभराव के कारण बीमारी जनित बैक्टीरिया व मक्खी-मच्छर पैदा हो रहे है, जिससे मानव स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। यहीं नहीं, ग्रामीण गली में भरे गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर है। वहीं, बीडीओ कैराना बृजेश गुप्ता का कहना है कि जलभराव का मामला संज्ञान में नही है। ग्राम पंचायत सचिव से कहकर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी।

0 Comments