अवैध पशु पैंठ में बेजुबानों पर जुल्म! कांधला रोड पर क्रूरता के खिलाफ लोगों में रोष


कैराना, 10 मार्च।
नगर के कांधला रोड पर संचालित एक अवैध पशु पैंठ में बेजुबान पशुओं के साथ कथित रूप से हो रही क्रूरता को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस अवैध गतिविधि पर तत्काल रोक लगाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार कांधला रोड स्थित “मेम एग्रो फूड” नामक मीट फैक्ट्री के पास दूर-दराज क्षेत्रों से पशु व्यापारी दूध देने वाली और कम उम्र की भैंसों को लेकर पहुंचते हैं। आरोप है कि व्यापारी सड़क किनारे ही ट्रकों और अन्य वाहनों से पशुओं को उतारकर अवैध रूप से खरीद-फरोख्त करते हैं, जिससे जहां एक ओर यातायात बाधित होता है, वहीं पशुओं के साथ अमानवीय व्यवहार की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार पशुओं को ट्रकों से उतारते समय बेहद बेरहमी बरती जाती है। पशुओं को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया जाता है और यदि कोई पशु नीचे उतरने में हिचकिचाता है तो उसे जबरन उतारने के लिए उसकी नाजुक जगहों पर सरिया या नुकीली वस्तुएं चुभोई जाती हैं। दर्द से तड़पते हुए पशु ट्रक से कूदने पर मजबूर हो जाते हैं, जिससे कई पशु गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस दौरान कई पशुओं के घुटने तक टूट जाते हैं, इसके बावजूद उन्हें मारते-पीटते हुए मीट प्लांट तक ले जाया जाता है। आरोप यह भी है कि मीट प्लांट में तैनात डॉक्टर द्वारा इन घायल पशुओं को भी स्वस्थ घोषित कर दिया जाता है, जिसके बाद उन्हें वध के लिए भेज दिया जाता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क किनारे इस प्रकार की अवैध गतिविधियां न केवल कानून व्यवस्था को चुनौती दे रही हैं, बल्कि बेजुबान पशुओं के साथ की जा रही क्रूरता मानवता को भी शर्मसार कर रही है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि इस अवैध पशु पैंठ को तुरंत बंद कराया जाए और पशुओं के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

Post a Comment

0 Comments