गैस एजेंसी का सर्वर डाउन, एलपीजी सिलेंडर वितरण प्रभावित, उपभोक्ताओं को भारी परेशानी


कैराना, 13 मार्च 
कैराना नगर की गैस एजेंसियों पर इन दिनों एलपीजी उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी का एसडीएमएस सर्वर डाउन होने के कारण सिलेंडरों का वितरण तंत्र बुरी तरह प्रभावित हो गया है। स्थिति यह है कि न तो मोबाइल के माध्यम से गैस की बुकिंग हो पा रही है और न ही एजेंसी से पर्ची निकल पा रही है। इसके चलते उपभोक्ताओं को घंटों कतार में खड़े रहने के बावजूद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कैराना में शामली रोड स्थित विनायक इंडेन गैस एजेंसी तथा चौक बाजार स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग जाती हैं। लोग कई-कई घंटे इंतजार करते हैं, लेकिन सर्वर की तकनीकी खराबी के कारण उनकी बारी आने तक भी पर्ची जारी नहीं हो पाती। परिणामस्वरूप सिलेंडर उपलब्ध होने के बावजूद उपभोक्ता उसे प्राप्त करने से वंचित रह जाते हैं।

नगर के उपभोक्ता मोहम्मद उमर, इलियास तथा पिंकी कुमारी ने बताया कि इस समय रमजान का महीना चल रहा है, जिसके कारण घरों में सहरी और इफ्तार के लिए भोजन तैयार करने में गैस की आवश्यकता पहले से अधिक बढ़ गई है। लेकिन कई दिनों से सिलेंडर नहीं मिलने के कारण घरेलू व्यवस्था प्रभावित हो रही है और लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इस संबंध में एजेंसी कार्यालय में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर ने बताया कि कंपनी का एसडीएमएस सर्वर लगातार डाउन चल रहा है, जिसके कारण उपभोक्ताओं की पर्चियां जारी नहीं हो पा रही हैं। उन्होंने बताया कि वे सुबह से लेकर रात लगभग आठ बजे तक लगातार पर्ची निकालने का प्रयास करते रहते हैं, लेकिन सर्वर की तकनीकी समस्या के कारण कार्य प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि एजेंसी के गोदाम में गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है, किंतु सर्वर की खराबी के कारण वितरण प्रक्रिया बाधित हो रही है। सर्वर ठीक होते ही उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

उधर उपभोक्ताओं का कहना है कि दिए गए नंबरों पर भी गैस की बुकिंग नहीं हो पा रही है। एजेंसी से पर्ची नहीं मिलने के कारण सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है, जिससे सुबह से शाम तक कतार में खड़े रहने के बावजूद लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। नगरवासियों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द सर्वर की तकनीकी खराबी को दूर कर गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments