कैराना। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहे दस-दस हजार रुपये के तीन इनामी अपराधियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।
कोतवाली पुलिस ने विगत दिनों कस्बे के विभिन्न मोहल्ला निवासी पांच लोगों के विरुद्ध आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहने पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही करते हुए अभियोग पंजीकृत किया था, जिसमें से एक आरोपी अंसार निवासी मोहल्ला छड़ियान कस्बा कैराना को पुलिस ने विगत 23 मार्च को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था, जबकि शेष आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में सोमवार को एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशानुसार वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत कस्बे की इमामगेट चौकी प्रभारी एसआई गौरव चौहान ने पानीपत बाईपास पर स्थित अंडरपास के निकट से गैंगस्टर के मामले में नामजद साबू कुरैशी निवासी मोहल्ला रेतेवाला कस्बा कैराना, मेहरबान निवासी मोहल्ला आलकलां कस्बा कैराना व शाहिद कुरैशी निवासी मोहल्ला सुंदरनगर कस्बा कैराना को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए तीनों आरोपियों पर दस-दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है। हालांकि मामले में गैंग लीडर बनाए गए आरोपी आफताब उर्फ ताबू अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

0 Comments