सीसी टीम थाना बाबरी द्वारा शनिवार को बाबरी क्षेत्र के ग्राम भाजु में एक जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान सीसी टीम के सदस्यों ने चौपाल में उपस्थित ग्रामीणों को यातायात संबंधी नियमों की विस्तार से जानकारी दी और सुरक्षित सड़क व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। टीम द्वारा बताया गया कि यातायात नियमों का पालन न केवल व्यक्ति की सुरक्षा के लिए आवश्यक है, बल्कि इससे समाज में अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होती है।
शनिवार को थाना बाबरी कि सीसी टीम प्रभारी उपनिरीक्षक राकेश भड़ाना द्वारा गांव भाजु में सार्वजनिक स्थान पर आयोजित चौपाल में मौजूद ग्रामीणों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, नशे की हालत में वाहन न चलाने, गलत दिशा में वाहन न ले जाने तथा सड़क पर पैदल चलते समय सावधानी बरतने जैसे महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही टीम सदस्य हेड कॉस्टेबल अनुज कुमार ने ग्रामीणों को ट्रैफिक वार्डन बनने के लिए भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि ट्रैफिक वार्डन बनकर आम नागरिक यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
सीसी टीम सदस्य हेड कांस्टेबल विनोद यादव ने यह बताया कि ट्रैफिक वार्डन समाज के लिए एक सेतु का कार्य करता है, जो पुलिस और जनता के बीच समन्वय स्थापित करता है। ट्रैफिक वार्डन बनने से न केवल समाज सेवा का अवसर मिलता है, बल्कि लोगों के बीच सम्मान और पहचान भी प्राप्त होती है। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने भी यातायात नियमों के पालन और ट्रैफिक वार्डन बनने में रुचि दिखाई तथा भविष्य में नियमों का पालन करने का संकल्प लिया।

0 Comments