नवजात बालिका के कूड़े के ढेर में मिलने से फैली सनसनी




कैराना। कैराना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला प्रकाश में आया है। मलकपुर गांव में एक नवजात बालिका कूड़े के ढेर में पड़ी मिलने से सनसनी फैल गई। बालिका को गम्भीर हालत में संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है।

विगत बुधवार शाम कोतवाली पुलिस को क्षेत्र के गांव मलकपुर में कूड़े के ढेर में एक नवजात बालिका के पड़े होने की सूचना मिली, जिस पर दभेड़ी खुर्द चौकी प्रभारी एसआई जितेंद्र त्यागी पुलिस टीम के साथ में मौके पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने ग्रामीणों से मामले से जुड़ी जानकारी हासिल की। कूड़े के ढेर से नवजात बालिका के मिलने की खबर से गांव में फैल गई, जिस पर अनेकों महिला व पुरुष ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। नवजात बालिका को देखरेख के उद्देश्य से ज्योति नामक महिला ग्रामीण के सुपुर्द कर दिया गया। साथ ही, चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम को फोन के माध्यम से मामले से अवगत कराया गया। बाद में चाइल्ड लाइन की टीम ने नवजात बालिका को अपनी अभिरक्षा में लेकर उपचार हेतु जिला अस्पताल शामली में भर्ती कराया। जहां पर उसका उपचार चल रहा है। नवजात बालिका के कूड़े के ढेर में मिलने के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही है। वहीं, दभेड़ी खुर्द चौकी प्रभारी ने बताया कि गांव मलकपुर में कूड़े के ढ़ेर से एक नवजात बालिका बरामद हुई थी, जिसे चाइल्ड लाइन के द्वारा उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होने के पश्चात बालिका करीब ढाई माह तक चाइल्ड लाइन की देखरेख में रहेगी। एक ग्रामीण महिला नवजात बालिका को गोद लेना चाह रही थी, लेकिन महिला को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात ही ऐसा करने के लिए कहा गया है।
--------------------

न्यायपीठ बाल कल्याण समिति ने जाना नवजात बालिका का हाल 

गुरुवार को न्यायपीठ बाल कल्याण समिति की टीम अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में संयुक्त जिला चिकित्सालय में पहुंची। जहां पर टीम ने एक दिन पूर्व कूड़े के ढ़ेर से रेस्क्यू की गई नवजात बालिका के स्वास्थ्य के सम्बन्ध में जानकारी हासिल की। टीम ने उपचार कर रहे चिकित्सकों व स्टाफ नर्स नीतू से बालिका के स्वास्थ्य के बारे में चर्चा की। साथ ही, उसके बेहतर उपचार के लिए कहा। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी शामली मोहम्मद मुशफेकीन, समिति सदस्य यशपाल पंवार आदि मौजूद रहे। वहीं, टीम में शामिल समिति सदस्या एडवोकेट मीनू वर्मा ने बताया कि अस्पताल में भर्ती नवजात बालिका की स्थिति के बारे में चिकित्सकों से जानकारी की गई है। फिलहाल बालिका की हालत स्थिर है। चिकित्सकों को बेहतर उपचार प्रदान करने को कहा गया है। बालिका के शीघ्र स्वस्थ्य होने की उम्मीद है।

Post a Comment

0 Comments