छापेमारी के बाद भी नहीं रुका अवैध रेत खनन


-दो दिन पहले मंडावर व नगलाराई खनन पॉइंट पर प्रशासन ने की थी छापेमारी

कैराना। दो दिन पहले प्रशासन द्वारा नगलाराई व मंडावर खनन प्वाइंटों पर यमुना की धार को प्रभावित कर अवैध खनन की शिकायत पर छापेमारी की थी। जांच में दोनों स्थानों पर खनन ठेकेदार द्वारा यमुना नदी में रेत की दीवार बनाकर जलधारा को जलधारा को मोड़ने की पुष्टि हुई थी।

गत बुधवार की शाम क्षेत्र में गांव नगलाराई व मंडावर में स्थित खनन प्वाइंटों पर एसडीएम कैराना शिवप्रकाश यादव व खनन अधिकारी वशिष्ठ यादव द्वारा ग्रामीणों की शिकायत पर यमुना नदी में रेत की दीवार खड़ी कर जलधारा को मोड़ने व अवैध खनन की शिकायत पर छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान दोनों ही खनन पॉइंटो पर छापेमारी के दौरान रेत की दीवार बनाकर यमुना नदी की धारा को मोड़ने की पुष्टि हो गई थी, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए एसडीएम कैराना द्वारा नगलाराई खनन पॉइंट की ओटीपी बंद कर दी गई थी,लेकिन मंडावर खनन पॉइंट पर आज भी बदस्तूर यमुना नदी की जलधारा को प्रभावित कर धड़ल्ले से अवैध रेत खनन किया जा रहा है। बेखौफ खनन माफियाओं को कार्रवाई का जरा भी खौफ नहीं है। जांच टीम के निकलते ही युद्ध स्तर पर खनन कार्य को अंजाम दिया जा रहा है। दबंगई के बल पर किए जा रहे अवैध खनन में एनजीटी के नियमों व सरकारी गाइड लाइन की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। स्थानीय प्रशासन खनन माफियाओं पर नकेल कसने व गाइड लाइन का पालन कराने में असमर्थ नज़र आ रहा है।
___
पीड़ित किसानों की कौन सुनेगा फरियाद

अवैध खान की लगातार शिकायत करने वाले छोटे किसानों की पीड़ा सुनने को कोई तैयार नहीं है। अपनी काश्त की भूमि बचाने के लिए पीड़ित किसान दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर है,लेकिन उकसी फरियाद सुनने को कोई तैयार नहीं है। दबंग खनन ठेकेदार के रूसूख के आगे किसान बेबस नजर आ रहा है। क्या उसकी पीड़ा को सुना जायेगा?
____
जिलाधिकारी के सामने गिड़गिड़ाए अन्नदाता

कैराना में आयोजित सम्मान समारोह में पहुंची जिलाधिकारी शामली जसजीत कौर को अपनी पीड़ा सुनना के लिए क्षेत्र के गांव मंडावर निवासी किसान हारून व इदरीस अपनी पीड़ा को लेकर शिकायत करने पहुंचे थे, जहां उन्हें पहले तो मातहतों ने मिलने व शिकायत करने की अनुमति नहीं दी, किसी तरह वह शिकायती पत्र लेकर डीएम के समक्ष पहुंचे भी तो उन्हें मायूसी ही हाथ लगी, हालांकि जिलाधिकारी ने उनके शिकायती पत्र को लेकर कार्रवाई का आश्वासन जरूर दिया है। कार्रवाई कब होगी यह अभी निश्चित नही है।
____
खनन ठेकेदार कर रहा किसानों का उत्पीड़न

मंडावर निवासी किसानों ने शिकायती पत्र में खनन ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दबंगता के बल ठेकदार पुलिस व प्रशासन की शह पर उनका उत्पीड़न कर रहा है। उन्होंने कहा की यमुना नदी में उनकी भूमि स्थित है,जिस पर अवैध रूप से खनन शुरू कर दिया गया है,जबकि उक्त भूमि का मूल बाद संख्या अभी भी न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद भी भूमि पर अवैध खनन करना प्रशासन की नाकामी को दर्शाता है।
___
मुख्यमंत्री के आदेशों का भी नही हो रहा पालन

अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई करने व ओवर वाहनों पर पूर्णरूप प्रतिबंध लगाने के सख्त निर्देशों को अमली जामा पहनाने में प्रशासन नाकाम दिख रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी कर रखे हैं कि किसी भी सूरत में ओवरलोड वाहनों का संचालन न हो पाए,लेकिन मुख्यमंत्री के आदेशों की खुली अवहेलना की जा रही है। खनन ठेकदारों के रसूख के आगे प्रशासन बेबस दिख रहा है।

Post a Comment

0 Comments