:-निरन्तर तत्पर सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा, छात्रा की मौत के दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही किये जाने की मांग
कैराना। निरन्तर तत्पर सामाजिक संगठन के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर वानिया शेख आत्महत्या प्रकरण की विशेष जांच कराए जाने एवं दोषी के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही किये जाने की मांग की है।
शुक्रवार को निरन्तर तत्पर सामाजिक संगठन के कार्यकर्ता संगठन अध्यक्ष शमून उस्मानी के नेतृत्व में तहसील मुख्यालय पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन-पत्र एसडीएम शिवप्रकाश यादव को सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि विगत दिनों मेरठ के एक विश्वविद्यालय में मेडिकल की छात्रा वानिया शेख ने परिसर की चौथी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। छात्रा के आत्महत्या किये जाने का कारण सहपाठी द्वारा उसका निरन्तर उत्पीड़न किया जाना बताया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि विश्वविद्यालय एवं कॉलेज आदि में इस तरह की घटनाएं अक्सर होती रहती है। रैगिंग के मामलों को रोकने के लिए प्रदेश में अलग से कानून बनाया जाएं ताकि स्कूल-कॉलेजों में सीनियर छात्र अपने जूनियर साथी का उत्पीड़न न कर सके। साथ ही, प्रत्येक स्कूल-कॉलेजों में छात्र-छात्राओं की सहायता हेतु हेल्प डेस्क स्थापित किये जाए। ज्ञापन में पूरे प्रकरण की विशेष जांच कराकर आरोपी छात्र के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही किये जाने की मांग की गई है। इस दौरान एडवोकेट वसीम अहमद, क़ुर्रत मेहंदी, फरमान सिद्दीकी, अजीम सिद्दीकी, शेरम अंसारी आदि उपस्थित रहे।
--
बाइक की टक्कर से बुजुर्ग नमाजी घायल
कैराना। मस्जिद में नमाज पढ़कर घर लौट रहे बुजुर्ग को सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मारकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया।
कस्बे के मोहल्ला छड़ियान निवासी रियाज कुरैशी मोहल्ले में ही स्थित मस्जिद में गुरुवार देर शाम करीब नौ बजे नमाज पढ़कर अपने घर लौट रहा था। बताया गया है कि इसी दौरान सड़क पार करते समय वहां से गुजरी एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मारकर गम्भीर रूप से घायल कर दिया। राहगीरों की सहायता से घायल बुजुर्ग को उपचार हेतु निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
--
होनहार छात्र-छात्राओं को किया गया सम्मानित
कैराना। क्षेत्र के ग्राम जहानपुरा स्थित जामा मस्जिद में आयोजित वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले होनहार छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन की सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे मुफ्ती तौफीक ने कहा कि आज के दौर में तालीम अत्यंत जरूरी है। तालीम के बिना इन्सान को अपने अधिकारों व कर्तव्यों का ज्ञान नही हो पाता। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी तालीम देना शिक्षक का प्रथम कर्तव्य है। कारी मौ.आसिफ ने कहा अच्छी तालीम हासिल करके ही बच्चे देश व समाज के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन कर सकते है। उन्होंने कहा कि चाहे आधी रोटी खाए, लेकिन बच्चों को जरूर पढ़ाए।इस अवसर पर जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती आलम ने देश व समाज की खुशहाली व शांति की खातिर दुआ कराई। इस दौरान मुफ्ती सलीम अली, डॉ. मोइन अली, मौलाना काशिद मजाहिरी, अब्बास अमीर, कारी शाहिद, नदीम, फुरकान, अंसार आदि मौजूद रहे।
--
300 ग्राम अवैध चरस समेत दो तस्कर गिरफ्तार
कैराना। पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो मादक पदार्थ तस्करों को 300 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार करके जेल भेजा है।
शुक्रवार को एसपी शामली अभिषेक के निर्देशानुसार मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के अभियान के क्रम में पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से 300 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम व पता ताहिर निवासी मोहल्ला नौगजा पीर आलखुर्द व अजीम निवासी मोहल्ला ब्लॉक कॉलोनी कैराना बताया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करके उनका चालान कर दिया है।
--
ऊँचागांव मानव चेतना केंद्र से निकाली गई कलश शोभा यात्रा
:-श्रीमद देवी भागवत महापुराण कथा ज्ञानयज्ञ एवं शतचंडी महायज्ञ का हुआ आयोजन, 108 कलश के साथ गांव की हुई परिक्रमा
कैराना। मानव चेतना केंद्र आश्रम में श्रीमद देवी भागवत महापुराण कथा ज्ञानयज्ञ एवं शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गांव में कलश यात्रा भी निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढचढ कर भाग लिया।
शुक्रवार को क्षेत्र के ऊंचागांव में स्थित मानव चेतना केंद्र आश्रम में श्रीमद देवी भागवत महापुराण कथा ज्ञान एवं शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें धूम-धाम से आश्रम से गांव भर में कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा में गांव व दूर दराज की सैंकड़ों श्रद्धालु महिलाओं ने भाग लिया। गांव की परिक्रमा के उपरांत कलश यात्रा आश्रम में पहुंचकर यात्रा पूर्ण हुई। वही, स्वामी विशुद्धानंद महाराज के परम शिष्य स्वामी ब्रह्म स्वरूपानंद महाराज ने अपनी अमृत वाणी करते हुए कहा कि जो समय निकल जाता है, वह वापस आने वाला नही है। समय पर हमेशा ध्यान दीजिए, जिसके जैसे भाव होते है उसे वैसा ही फल मिल जाता है। उन्होंने कहा कि जो मनुष्य माता देवी भागवत का पाठ करता है, उसका कल्याण हो जाता है। भक्ति से भाव प्रकट होता है। मनुष्य को शास्त्र पर विश्वास करना चाहिए। कुपुत्र से कुल नष्ट हो जाता है। दुष्ट नारी से पूरा जीवन नष्ट हो जाता है। श्रीमद देवी भागवत महापुराण में 318 अध्याय है। मुनिवर जो मनुष्य श्रीमद देवी भागवत महापुराण कथा सुनते है, उन्हें मोक्ष को प्राप्ति हो जाती है। भक्ति से प्राप्त होने वाली माँ भगवती हम सबका कल्याण करने वाली है। श्रीमद देवी भागवत महापुराण कथा आगामी 5 नवम्बर तक चलेगी। उसके बाद हर वर्ष की भांति इस बार भी विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर गांव व क्षेत्र के सैकडों श्रद्धालुगण मौजूद रहे।

0 Comments