कैराना। गांव में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष का वीडियो बुधवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो में एक युवक हाथ में तलवार लेकर दूसरे पक्ष पर हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल नजर आ रहा है।

कोतवाली क्षेत्र के गांव पावटीकला में गत मंगलवार की देर रात्रि हुई घटना के संबंध में एक पक्ष ने नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के विरोध पर मारपीट, तलवार से हमला और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं, पुलिस ने दोनों पक्षों के एक-एक घायल का चिकित्सीय परीक्षण कराया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला बच्चों के विवाद के बाद दो पक्षों के बीच हुए झगड़े का है। वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। तलवार से हमला करने वाले आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी।