कैराना : भारतीय योग संस्थान कैराना द्वारा दक्षता संयुक्त योग कक्षा एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। योग साधना, संगठनात्मक गतिविधियों और नई कार्यकारिणी के गठन के साथ उत्साहपूर्ण एवं आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला।
रविवार को लाला नरसिंह दास सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज में कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं संस्थान के संस्थापक स्वर्गीय प्रकाश लाल के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जिला एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों का बैज लगाकर स्वागत एवं सम्मान भी किया गया।
योग सत्र में विभिन्न योग शिक्षकों ने सूक्ष्म क्रियाएं, ओम् उच्चारण, गायत्री मंत्र, वृक्षासन, त्रिकोणासन, सूर्य नमस्कार, हास्य योग, सिंह गर्जासन, धनुरासन एवं मर्कट आसन सहित विभिन्न योगाभ्यास कराए। जिला प्रधान तरुण जैन ने अग्निसार क्रिया का अभ्यास कराते हुए योग साहित्य के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का समापन वैदिक मंत्रोच्चार एवं शांतिपाठ के साथ हुआ। योग कक्षा के उपरांत आयोजित संगठनात्मक बैठक में भारतीय योग संस्थान कैराना की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें संजय राजवंशी को क्षेत्रीय प्रधान तथा श्याम सिंह को क्षेत्रीय मंत्री नियुक्त किया गया। इसके अलावा प्रताप सैनी, मधु सैनी, नवाब सिंह एवं मांगे राम को विभिन्न केंद्रों का केंद्र प्रमुख बनाया गया। वहीं सुभाष सिंघल, गुलाब सिंह एवं घनश्याम सिंह को सह केंद्र प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि पूर्व क्षेत्रीय प्रधान शैलेंद्र तथा वरिष्ठ योग शिक्षक वीरेंद्र सैनी संगठन के मार्गदर्शक के रूप में अपनी सेवाएं देते रहेंगे। नवनियुक्त पदाधिकारियों का उपस्थित साधकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच स्वागत किया। कार्यक्रम में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में योग साधक एवं साधिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन संजय राजवंशी ने किया, जबकि अंत में शांतिपाठ एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।
----

0 Comments