थाना क्षेत्र के गांव भाज्जू निवासी अधिवक्ता सत्यपाल सिंह बालियान के नलकूप पर चोरी की घटना सामने आई है। पीड़ित की तहरीर पर बाबरी पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सत्यपाल सिंह बालियान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका और उनके बड़े भाई का संयुक्त विद्युत नलकूप गांव के जंगल क्षेत्र में स्थित है। आरोप है कि 11-12 मई की रात अज्ञात चोरों ने नलकूप के कोठे का ताला तोड़कर स्टार्टर, कटआउट, करीब 20 फीट केबल तथा लगभग 15 हजार रुपये मूल्य की कृषि उपयोगी दवाइयां चोरी कर लीं। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने स्थानीय पुलिस चौकी में शिकायत दी थी तथा बाद में पुलिस अधिकारियों को भी प्रार्थना पत्र सौंपा था।
मामले में कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने पुनः शिकायत कर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धारा में प्राथमिकी दर्ज की।
पुलिस का कहना है कि घटना की जांच कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments