बिजली बचत से ही मिलेगी निर्बाध आपूर्ति, उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील


“आपकी थोड़ी सी बचत, सबको देगी पूरी राहत”
भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रही बिजली की मांग के बीच विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से बिजली का सीमित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की अपील की है। बाबरी बिजलीघर के अवर अभियंता श्रीनिवास ने कहा कि रात के समय बिजली का लोड काफी बढ़ जाता है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ने लगता है। यदि सभी उपभोक्ता सहयोग करें और अनावश्यक बिजली खपत से बचें, तो क्षेत्र में रातभर निर्बाध और बेहतर बिजली आपूर्ति बनाए रखी जा सकती है।
अवर अभियंता श्रीनिवास ने बताया कि जिन कमरों में आवश्यकता न हो, वहां पंखे, लाइट और एसी तुरंत बंद कर दिए जाएं। साथ ही रात के समय केवल जरूरी विद्युत उपकरणों का ही उपयोग किया जाए। उन्होंने उपभोक्ताओं से पानी की मोटर, वॉशिंग मशीन, हीटर और इंडक्शन जैसे अधिक बिजली खपत करने वाले उपकरणों को दिन या सुबह के समय चलाने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि एसी का तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रखने से बिजली की खपत कम होती है और बिजली ग्रिड पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता। इससे ट्रिपिंग जैसी समस्याओं से भी राहत मिलती है और सभी उपभोक्ताओं को सुचारू बिजली आपूर्ति मिल पाती है।
ग्रामीणों ने भी विभाग की इस पहल का समर्थन करते हुए लोगों से बिजली बचाने की अपील की। ग्रामीण राजेंद्र कुमार ने कहा कि यदि हर व्यक्ति थोड़ी जागरूकता दिखाए तो बिजली संकट काफी हद तक कम हो सकता है। वहीं संदीप कुमार ने कहा कि अनावश्यक बिजली उपयोग रोकना समय की जरूरत है। ग्रामीण मुकेश कुमार का कहना है कि गांवों में भी अब लोग बिजली बचत को लेकर गंभीर हो रहे हैं। वहीं मुकीम मलिक ने कहा कि सभी उपभोक्ताओं को विभाग के निर्देशों का पालन करना चाहिए, ताकि सभी को पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली मिल सके।
अवर अभियंता श्रीनिवास ने अंत में कहा कि “आपकी थोड़ी सी बचत, सबको देगी पूरी राहत।”

Post a Comment

0 Comments