:-आगरा में आयोजित दो दिवसीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता के अंडर-12 वर्ग में प्रदेश में हासिल किया प्रथम स्थान

कैराना। तहसील क्षेत्र के गांव मंसूरा में स्थित एआईपीएस इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ने वाले पांचवी कक्षा के छात्र भविष्य ने अपने हुनर का परचम लहराया है। छात्र ने आगरा में आयोजित दो दिवसीय जिम्नास्टिक प्रतियोगिता के अंडर-12 वर्ग में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करके विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्र की सफलता से परिवार व विद्यालय स्टाफ फूला नही समा रहा है। छात्र भविष्य एक साधारण परिवार से है। पिता सचिन का कहना है कि छोटी-सी आयु में बेटे ने जिम्नास्टिक में सफलता हासिल करके गर्व करने का क्षण उपलब्ध कराया है। विद्यालय चेयरमैन मौलाना मोहसीन कासमी व प्रधानाचार्य मोहम्मद मोमिन तथा विद्यालय स्टाफ ने विजेता छात्र का स्कूल पहुंचने पर पुष्प माला पहनाकर स्वागत किया। छात्र के गांव बलहेड़ा में परिजनों व ग्रामीणों में हर्ष व्याप्त है। परिजनों के पास शुभकामनाएं प्रेषित किये जाने का सिलसिला बरकरार है।